ओबरा/सोनभद्र। आशीष मिश्रा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में सोमवार, 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा–2026 अभियान के तहत तिरंगा सेल्फी एवं डिजिटल विजिबिलिटी कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के ऐतिहासिक 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तृतीय चरण का संचालन 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा यह अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति अगाध सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना है। सभी एनसीसी कैडेट्स अपने-अपने घरों व आसपास के क्षेत्रों में नागरिकों को तिरंगा फहराने हेतु जागरूक करें और इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. उपेंद्र कुमार ने भी उपस्थित होकर एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और उन्हें राष्ट्रीय ध्वज के प्रति निष्ठा एवं सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। एनसीसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र लाल वर्मा ने एनसीसी कैडेट्स के साथ तिरंगे के साथ सेल्फी ली और 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले इस नौ दिवसीय अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने कैडेट्स से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों और मोहल्ले के लोगों को भी इस राष्ट्रभक्ति के उत्सव में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। आयोजन के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने अत्यंत उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज थामकर सेल्फी ली और अभियान की डिजिटल विजिबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फोटो व वीडियो साझा किए। कार्यक्रम से संबंधित संपूर्ण विवरण, फोटो और वीडियो सामग्री को भारत सरकार के आधिकारिक मेरा युवा भारत (MY Bharat) पोर्टल पर भी अपलोड किया गया। इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों व युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को प्रगाढ़ करते हुए हर घर तिरंगा–हर दिल तिरंगा के संदेश को घर-घर तक पहुँचाना रहा।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में हर घर तिरंगा–2026 अभियान का भव्य आगाज़ NCC कैडेट्स ने ली तिरंगा सेल्फी
Related Posts
Add A Comment

