सोनभद्र अजीत प्रताप सिंह। जिलाधिकारी सोनभद्र एवं उप श्रमायुक्त (मिर्जापुर क्षेत्र) के कड़े निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को औद्योगिक अंचल के रेनुकूट-पिपरी-मुर्धवा मार्केट क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन हेतु एक विशेष जागरूकता अभियान एवं रेस्क्यू ड्राइव संचालित किया गया। यह कार्रवाई श्रम विभाग उत्तर प्रदेश तथा के संयुक्त समन्वय से संपादित की गई। अभियान के दौरान टीम ने क्षेत्र की विभिन्न दुकानों, होटलों, वर्कशॉपों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करते हुए बाल व किशोर श्रम कराने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। सघन जांच अभियान के दौरान टीम ने एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान से कार्य कर रहे एक किशोर श्रमिक को चिन्हित कर उसका सकुशल रेस्क्यू किया और उसे बाल श्रम के जाल से मुक्त कराया। श्रम विभाग के अधिकारियों ने रेस्क्यू किए गए बालक को संरक्षण में लेते हुए उसके शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक पुनर्वासन की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध और विनियमन) अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान अन्य दुकानदारों को भी बाल श्रम से जुड़े कड़े कानूनी प्रावधानों और दंड की जानकारी देकर सचेत किया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं प्रमुख व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।बैठक में श्रम विभाग के प्रतिनिधियों ने व्यापारियों से बाल श्रम मुक्त अभियान में पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना पूर्णतः गैर-कानूनी है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिले, तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन और श्रम विभाग को दें ताकि बच्चों का रेस्क्यू कर उनका भविष्य सुरक्षित किया जा सके। श्रम विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेनुकूट-पिपरी-मुर्धवा औद्योगिक व व्यापारिक क्षेत्र को पूर्ण रूप से बाल श्रम मुक्त बनाना और बच्चों को बाल मजदूरी से बचाकर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना ही इस अभियान का मुख्य ध्येय है। उन्होंने बताया कि जनपद को वर्ष 2026 तक बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत जिले के सभी कस्बों व बाजारों में इस तरह की प्रवर्तन कार्रवाई और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।
रेनुकूट-पिपरी-मुर्धवा मार्केट क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन हेतु जागरूकता एवं रेस्क्यू अभियान संचालित
Related Posts
Add A Comment

