गाजीपुर। विकास खंड रेवतीपुर की ग्राम पंचायत रेवतीपुर में बुधवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की मौजूदगी में आयोजित चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।
चौपाल में ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, आवास योजना, पेंशन, राजस्व और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर लगाकर सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा कन्या सुमंगला सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक अभियान चलाकर पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही मिलने पर एमओवाईसी रेवतीपुर के संबंधित कर्मचारी का वेतन रोकने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने अधिकारियों से गांवों का नियमित भ्रमण कर समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की सतत निगरानी करने को कहा। चौपाल में प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची भी ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राजन राय, खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रेवतीपुर ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
Related Posts
Add A Comment

