भदोही;भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ द्वारा जारी उष्ण-लहर (लू) आधारित पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद भदोही में 22 मई से 26 मई 2026 तक उष्ण लहर से भीषण उष्ण लहर चलने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भदोही, शैलेष कुमार ने आमजन के हित में लू से बचाव हेतु विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी एवं तेज धूप से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें तथा स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकलते समय शरीर को पूर्ण रूप से ढककर रखें तथा हल्के रंग के सूती एवं आरामदायक वस्त्र पहनें। धूप में निकलते समय छाता, टोपी, गमछा, चश्मा एवं जूतों का प्रयोग अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान समय-समय पर पर्याप्त मात्रा में पानी एवं अन्य तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी आदि का सेवन करते रहें। यात्रा के दौरान अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें तथा चेहरे, सिर एवं गर्दन को गीले कपड़े से ढककर रखें। घर एवं कार्यस्थल पर सूर्य की सीधी किरणों से बचाव हेतु पर्दे आदि की व्यवस्था बनाए रखें।
जिलाधिकारी ने बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि हीट स्ट्रोक अथवा लू के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम राजकीय चिकित्सालय में संपर्क करें। उन्होंने पशुपालकों से भी अपील की कि पशुओं को छायादार स्थान पर रखें तथा उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर जाने से बचें। धूप में खड़े वाहनों में बच्चों एवं पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें। नंगे पैर अथवा बिना शरीर ढके बाहर न निकलें तथा बासी एवं अत्यधिक प्रोटीनयुक्त भोजन के सेवन से बचें। उन्होंने अत्यधिक गर्मी में श्रम कार्य न करने, तंग एवं गहरे रंग के कपड़ों से परहेज करने तथा शराब, चाय, कॉफी एवं कार्बोनेटेड पेयों का अत्यधिक सेवन न करने की भी सलाह दी।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में सहायता हेतु तत्काल 108 एवं 112 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। उन्होंने सभी नागरिकों से लू से बचाव संबंधी एडवाइजरी का पूर्णतः अनुपालन करने तथा स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखने की अपील की है।

