गाजीपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने आवास पर तथा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज परिसर में पौधरोपण कर हरित वातावरण का संदेश दिया।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि वृक्ष हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रत्येक परिवार को जुड़ना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। लोगों को अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
वहीं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और लोग पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित होते हैं। नगर पालिका द्वारा शहर के सभी वार्डों, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी आदित्य यादव, जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव सहित वन विभाग के कर्मचारी, नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी के संदेश को मजबूती प्रदान की।
विश्व पर्यावरण दिवस पर सांसद डॉ. संगीता बलवंत एवं चेयरमैन सरिता अग्रवाल ने किया पौधरोपण
Related Posts
Add A Comment

