नगरा, बलिया। जनपद के नगरा विकासखंड अंतर्गत देवरिया गांव स्थित बाबा शिवदत्त बहुउद्देशीय हाल में आयोजित विश्व योग सप्ताह के चौथे दिन महिलाओं, बुजुर्गों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चियों की सक्रिय सहभागिता रही।
जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त योगाचार्य अशोक कुमार मौर्य ने प्रतिदिन की भांति प्रार्थना के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ कराया। इसके बाद उन्होंने प्रतिभागियों को भस्त्रिका प्राणायाम, सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। साथ ही योग क्रियाओं से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा भारत के प्रस्ताव पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा होना देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है।
उन्होंने महिलाओं एवं बच्चियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि योग कार्यक्रम में उनकी बढ़-चढ़कर भागीदारी सराहनीय है। महिलाओं और बच्चियों का उत्साह, समर्पण एवं सीखने की लगन यह दर्शाती है कि आने वाले समय में इनमें से कई लोग कुशल योग प्रशिक्षक बनकर समाज में योग के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। सभी ग्रामवासियों से नियमित योगाभ्यास अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
उन्होंने कहा, “यदि आप स्वस्थ हैं, तो इससे बड़ा धन इस संसार में कोई नहीं हो सकता।”
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने नियमित रूप से योगाभ्यास करने और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
विश्व योग सप्ताह के चौथे दिन महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक किया योगाभ्यास
Related Posts
Add A Comment

