शक्तिनगर (सोनभद्र)। स्वस्थ तन, शांत मन और समर्थ राष्ट्र की भावना के साथ महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई प्रथम के द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिसर स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित इस गरिमापूर्ण शिविर में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर आरोग्यता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य योग गुरु के रूप में उपस्थित एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक संजीव कुमार ने उपस्थित जनसमूह को योग के वैज्ञानिक व आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराया। उन्होंने साधकों को बेहद सुगमता के साथ सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भ्रामरी, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भस्त्रिका सहित विभिन्न योगासनों व प्राणायामों का सघन अभ्यास कराया। इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि योग हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अति आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से कोई भी व्यक्ति तनावमुक्त और निरोगी जीवन जी सकता है। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ० छोटे लाल प्रसाद ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि योग हमारे निरोगी जीवन का मूल आधार है। इसे अपनी जीवनशैली में अपनाकर हम न केवल तन और मन को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर सकते हैं। आज पूरी दुनिया भारत की इस प्राचीन पद्धति को सहर्ष स्वीकार कर रही है। वहीं, समाजशास्त्र के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ० विनोद कुमार पाण्डेय ने आधुनिक जीवनशैली की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग संजीवनी की तरह है। इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर ही हम एक स्वस्थ समाज की सुंदर संकल्पना को साकार कर सकते हैं। इस भव्य कार्यक्रम को सफल और अनुशासित बनाने में परिसर के प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने कंधे से कंधा मिलाकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्राध्यापक एवं सहयोगी डॉ० विनोद कुमार पाण्डेय, अमरीश और अंजना पूर्ति। सक्रिय स्वयंसेवक रोहित विश्वकर्मा, पूनम, खुशबू, खुशी सिंह और अनुराधा पाण्डेय। इसके साथ ही इस संपूर्ण योगाभ्यास कार्यक्रम के उत्कृष्ट प्रबंधन और सफलता में एनटीपीसी मानव संसाधन (HR) विभाग के उप प्रबंधक अनुग्रह मिश्रा जी का सहयोग अत्यंत सराहनीय और विशेष रहा। शिविर के समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं प्रतिदिन योग करेंगे और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
शक्तिनगर में योग दिवस की धूम काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर में स्वयंसेवकों ने लिया योग को दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प
Related Posts
Add A Comment

