गाजीपुर, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, मंडल शाखा-वाराणसी की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को जिला पंचायत सभागार (कलेक्ट्रेट के निकट) में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वाराणसी, जौनपुर, चंदौली एवं गाजीपुर जनपदों के जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला कोषाध्यक्ष, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक मंत्री तथा बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्ष योगेश त्यागी तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश महामंत्री नरेश कौशिक रहे। मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय एवं नव-निर्वाचित मंडल कार्यकारिणी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गाजीपुर के जिलाध्यक्ष राधेश्याम सिंह यादव ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री अजय कुमार ने किया।
मुख्य अतिथि योगेश त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का आधारस्तंभ है और शिक्षकों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक एकता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। नई कार्यकारिणी शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, पुरानी पेंशन की बहाली तथा बेसिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और एकजुटता के साथ कार्य करेगी।
उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर हरदोई के जिला कोषाध्यक्ष बृजेश अवस्थी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही शिक्षक हितों की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं शिक्षक प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन “शिक्षक एकता जिंदाबाद” और “जय शिक्षक” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।
Related Posts
Add A Comment

