अनपरा, सोनभद्र। सोनभद्र के अनपरा थाना परिक्षेत्र में स्थित हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड (रेणुसागर पावर डिविजन) की सामाजिक संस्था दिशिता महिला मंडल द्वारा रेणुसागर प्राथमिक पाठशाला में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य के अंतर्गत विद्यालय के 101 छात्र-छात्राओं को नए स्कूल बैग वितरित किए गए। नए और रंग-बिरंगे बैग पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह व आनंद का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने बच्चों को अपने हाथों से बैग वितरित किए। इस परोपकारी कार्य में उनका सहयोग करने के लिए महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या निशा पांडेय और सचिव तूलिका श्रीवास्तव सहित संस्था की कई अन्य वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्याएँ भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने बच्चों से बातचीत की, उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें जीवन में हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा। शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें सही संसाधन मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे हर दिन मन लगाकर पढ़ाई करें, अनुशासन का कड़ाई से पालन करें और बड़े होकर अपने माता-पिता, गुरुजनों व विद्यालय का नाम पूरे देश में रोशन करें। बैग मिलने के बाद बच्चों ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महिला मंडल के सदस्यों के प्रति धन्यवाद दिया। विद्यालय के शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने दिशिता महिला मंडल की इस अनूठी पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयासों से ग्रामीण और प्राथमिक स्तर के बच्चों में स्कूल आने और पढ़ने के प्रति रुचि और ज्यादा बढ़ती है। कार्यक्रम के समापन पर प्राथमिक पाठशाला की प्रधानाध्यापिका सीमा दुबे ने महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह और पूरी टीम के प्रति आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया।यह पूरा कार्यक्रम बेहद सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। बच्चों के चेहरों पर तैरती मासूम मुस्कान और उनका उत्साह इस बात का गवाह था कि दिशिता महिला मंडल का यह सेवा कार्य पूरी तरह सफल और सार्थक रहा।

