दृष्टि उजागर संवाददाता सैदपुर (गाजीपुर) । एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से क्षेत्र में मातम छा गया। सैदपुर-भीमापार मार्ग पर विकरपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दोनों व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहरियाबाद थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव निवासी नगहू चौहान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चक फरीद गांव निवासी 25 वर्षीय चंदन पुत्र राजेंद्र राम तथा कबीरपुर निवासी 42 वर्षीय संदीप चौहान पुत्र शिवबदन बाइक से जोहरगंज श्मशान घाट जा रहे थे। इसी दौरान विकरपुर के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर फैलते ही दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक चंदन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में माता कमली देवी, पत्नी सीमा तथा दो छोटे पुत्र हैं। वहीं संदीप चौहान भी मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियां निभाते थे। उनके परिवार में पत्नी संगीता, भाई सुनील और बहन सरिता हैं। संदीप के छोटे भाई सुनील, जो सऊदी अरब में कार्यरत हैं, को घटना की सूचना दे दी गई है और वह घर के लिए रवाना हो चुके हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, जबकि क्षेत्र के लोगों में भी शोक और संवेदना का माहौल है।
श्मशान घाट जाने निकले दो लोगों की सड़क हादसे में मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
Related Posts
Add A Comment

