रसड़ा, (बलिया)। क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के युवाओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभुनाथ यादव से उनके आवास पर मुलाकात कर सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग उठाई। युवाओं ने बताया कि सड़क और पुलिया के अभाव में स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं तथा लोगों की दैनिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
युवाओं ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए शीघ्र सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभुनाथ यादव ने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इस दौरान उन्होंने युवाओं से आपसी विवाद और झगड़ों से दूर रहकर क्षेत्र के विकास तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।
मुलाकात के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता रविकांत भारती सहित गुलशन, जयहरी, संदीप, सतीश, रघुपति, संग्राम, सूरज, राजा, गोलू और अरविंद समेत अन्य युवा उपस्थित रहे।

