रसड़ा (बलिया)। नगर के कोटवारी मोड़ के समीप गुरुवार सुबह सड़क दुर्घटना में अधिवक्ता एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सत्य प्रकाश सिंह (55) की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि अधिवक्ता समाज और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रसड़ा क्षेत्र के डेहरी गांव निवासी सत्य प्रकाश सिंह पुत्र स्व. सदानंद सिंह गुरुवार सुबह बाइक से बलिया कचहरी जा रहे थे। इसी दौरान कोटवारी मोड़ के समीप बलिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना में सत्य प्रकाश सिंह के पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे डेहरी गांव के पूर्व प्रधान राजू सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें मऊ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए वहां से भी वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान ट्रॉमा सेंटर में उनकी मृत्यु हो गई।
सत्य प्रकाश सिंह पेशे से अधिवक्ता होने के साथ-साथ सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता भी थे। उन्होंने वर्ष 2012 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के टिकट पर रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। उनके निधन से अधिवक्ता समाज, राजनीतिक कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है।

