दृष्टि उजागरसैदपुर (गाजीपुर)। थाना सैदपुर पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। कोतवाल *अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान शराब ठेकों और उसके आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई, जिससे शराब पीकर हुड़दंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
पुलिस टीम ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थित शराब की दुकानों के आसपास विशेष निगरानी रखते हुए उन लोगों की जांच की जो सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे थे और आमजन की शांति एवं कानून-व्यवस्था के लिए परेशानी का कारण बन रहे थे। अभियान के दौरान सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों तथा बाजार क्षेत्रों में शराब पीकर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले कुल 39 व्यक्तियों को पकड़कर थाना सैदपुर लाया गया।
थाने पर लाए गए सभी व्यक्तियों की जांच एवं आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 34 के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों में खलबली मच गई।
इस दौरान कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने सभी लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानून का उल्लंघन है और इससे सामाजिक वातावरण खराब होता है। उन्होंने पकड़े गए लोगों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की नसीहत दी तथा शराब का सेवन न करने की सलाह भी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाल ने कहा कि थाना सैदपुर पुलिस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, यातायात बाधित करने अथवा आम नागरिकों को परेशान करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और उत्पात मचाने वालों पर सख्ती से अंकुश लगने से बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर आमजन को राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में सुरक्षित और अनुशासित वातावरण स्थापित होगा।

