शक्तिनगर/सोनभद्र (22 जुलाई 2026)। जनपद सोनभद्र में साइबर अपराधों पर रोकथाम और ठगी के शिकार पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन में साइबर क्राइम पुलिस टीम शक्तिनगर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड की ₹35,510/- की संपूर्ण धनराशि पीड़ितों के मूल बैंक खातों में सफलतापूर्वक वापस करा दी है। प्राप्त विवरण के अनुसार, थाना शक्तिनगर क्षेत्र के अंतर्गत बीना निवासी युगल किशोर तिवारी (पुत्र कैलाश प्रसाद तिवारी) तथा अंकिता तिवारी (पुत्री हरिकान्त तिवारी) के साथ अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा धोखाधड़ी कर ऑनलाइन माध्यम से बैंक खाते से रुपये उड़ा लिए गए थे।
मामला संज्ञान में आते ही प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय एवं साइबर प्रभारी उप-निरीक्षक रंजित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल तकनीकी कार्रवाई शुरू की। संबंधित बैंकों के नोडल अधिकारियों से पत्राचार कर ठगी गई राशि को होल्ड कराया गया और MRM (Merchant Risk Management) पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी की गई। अपनी गाढ़ी कमाई का पैसा सुरक्षित वापस मिलने पर दोनों आवेदकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) तथा शक्तिनगर साइबर टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनका सहृदय धन्यवाद व्यक्त किया।सोनभद्र पुलिस ने आम जनमानस से सतर्क रहने का आह्वान करते हुए सावधानियां बरतने की अपील की है किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी जैसे पैन कार्ड, पासपोर्ट, बैंक खाता संख्या, नेट बैंकिंग आईडी, पासवर्ड एवं ओटीपी (OTP) कभी भी साझा न करें। यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या अपने नजदीकी थाने के साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें। नागरिक अपनी शिकायत सीधे राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी दर्ज करा सकते हैं।
सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा शक्तिनगर पुलिस की बड़ी सफलता, साइबर फ्रॉड के शिकार पीड़ितों के ₹35,510/- कराए वापस
Related Posts
Add A Comment

