ओबरा/दुद्धी, सोनभद्र।आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर पूरे सोनभद्र जनपद में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योग शिविर और अभ्यास सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ओबरा के आम्बेडकर स्टेडियम में प्रतिदिन प्रातः 5:00 बजे से 6:30 बजे तक निःशुल्क चिकित्सा योग शिविर का सफल संचालन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय योग शिक्षक, साधक और प्रबुद्ध नागरिक पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के प्राधिकृत योग प्रशिक्षक व जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी जी के नेतृत्व में ओबरा आम्बेडकर स्टेडियम में 15 जून से विशेष अभ्यास सत्र शुरू किया गया है, जो 21 जून तक निरंतर चलेगा। इस सत्र के दौरान साधकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आधिकारिक योग प्रोटोकॉल का सघन अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि मुख्य आयोजन के दिन सभी साधक पूर्ण अनुशासन और सही पद्धति से योगासन कर सकें। इस वर्ष आयोजित हो रहे योग महोत्सव को एक बेहद महत्वपूर्ण और प्रासंगिक थीम के साथ जोड़ा गया है। योग प्रशिक्षकों के अनुसार, इस वर्ष की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Aging) है। यह थीम समाज के हर वर्ग को जीवन के हर पड़ाव और उम्र में सक्रिय, आत्मनिर्भर, ऊर्जावान और मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करती है। पतंजलि योग समिति द्वारा सोनभद्र जनपद के शहरी व ग्रामीण अंचलों में योग को जन-जन तक पहुँचाने के लिए व्यापक रूपरेखा तैयार की गई है। जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी जी ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन जिले के इन प्रमुख स्थानों पर अत्यंत भव्य और धूमधाम से मनाया जाएगा। ओबरा, चोपन, रॉबर्ट्सगंज, दुद्धी, अनपरा, कोन। शक्तिनगर, रेणुकूट, घोरावल, वैनी, डाला, चुर्क और रेनू सागर। योग दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार और तैयारियों के तहत दुद्धी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भी विशेष योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जा रहा है। यहाँ पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की महिला योग प्रशिक्षकों की टीम, जिसमें मुख्य रूप से पूजा जी, रितिका जी और ममता जी शामिल हैं, स्थानीय नागरिकों को योग की विभिन्न विधाओं, प्राणायाम और आसनों का बारीकी से प्रशिक्षण दे रही हैं। समिति ने जनपद के समस्त नागरिकों, युवाओं और बुजुर्गों से अपील की है कि वे 21 जून को अपने नजदीकी योग केंद्रों पर पहुंचकर इस महा-अभियान का हिस्सा बनें और अपने जीवन को निरोगी बनाने का संकल्प लें।


