सोनभद्र । जनपद के कोन थाना क्षेत्र से गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में मासूम छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी शिक्षक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनभद्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, मामला कोन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव के प्राथमिक विद्यालय का है। आरोप है कि विद्यालय में तैनात शिक्षक टीपू सुल्तान ने स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा 1 और कक्षा 3 की दो मासूम छात्राओं के साथ अश्लील हरकत की। मासूम बच्चियों ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को शिक्षक की इस करतूत की जानकारी दी। शिक्षक की इस घिनौनी हरकत को सुनकर परिजनों के होश उड़ गए, जिसके बाद आक्रोशित परिजन सीधे थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी। परिजनों की लिखित शिकायत मिलते ही कोन थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी शिक्षक टीपू सुल्तान के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। मामला शिक्षा विभाग से जुड़े होने और शिक्षक की इस बेहद आपत्तिजनक करतूत को देखते हुए सोनभद्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने भी कड़ा रुख अपनाया है। विभाग की छवि धूमिल करने और शासकीय सेवा नियमावली के उल्लंघन के आरोप में बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय के आरोपी शिक्षक टीपू सुल्तान को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है। इसके साथ ही विभाग की ओर से मामले की विभागीय जांच के भी आदेश दे दिए गए हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जहां बच्चे खुद को सबसे सुरक्षित महसूस करते हैं, वहीं के शिक्षक अगर ऐसी हरकत करेंगे तो समाज में क्या संदेश जाएगा। पुलिस फिलहाल आरोपी शिक्षक को जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
सोनभद्र छात्राओं से अश्लील हरकत करने का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, BSA ने किया निलंबित
Related Posts
Add A Comment

