रॉबर्ट्सगंज/सोनभद्र (22 जुलाई 2026)। जनपद सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नई बाजार देवरी गांव के समीप बुधवार को एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। घटना के समय बस में दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं सवार थे। हादसे के बाद बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई, हालांकि करीब आधा दर्जन स्कूली बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,रॉबर्ट्सगंज–पन्नूगंज मुख्य मार्ग पर मार्ग निर्माण या मरम्मत कार्य के चलते रूट डायवर्जन लागू किया गया था। इस कारण स्कूल बस मुख्य मार्ग छोड़कर गांव के अंदरूनी और संकरे रास्ते से गुजर रही थी।
नई बाजार देवरी गांव के पास अनियंत्रित होने के कारण बस असंतुलित होकर सड़क के किनारे पलट गई। तेज आवाज और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे व दरवाजे के सहारे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल बच्चों को तत्काल इलाज के लिए पास के नाजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने त्वरित प्राथमिक उपचार दिया। गनीमत यह रही कि सभी बच्चों की चोटें हल्की थीं। प्राथमिक चिकित्सा के उपरांत चिकित्सकों ने सभी छात्रों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिजनों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
सोनभद्र छात्रों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी, आधा दर्जन बच्चे मामूली रूप से चुटैल
Related Posts
Add A Comment

