सोनभद्र । अजीत प्रताप सिंह। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए कड़े निर्देशों का असर अब धरातल पर नजर आने लगा है। जनपद की सड़कों को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग (PWD) और टोल कंपनियों द्वारा विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।जिलाधिकारी के आदेशानुसार एसीपी टोलवेज (ACP Tollways) द्वारा सुकृत से लेकर मारकुंडी घाटी तक सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए 3 अलग-अलग टीमों को तैनात किया गया है। यह टीम सड़कों के गड्ढों को भरने के साथ-साथ रात्रि में हादसों को रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर कैट-आई (Cat-Eyes) लगा रही है। इसके साथ ही दुर्घटना बाहुल्य एवं संवेदनशील क्षेत्रों में वाहन चालकों की सतर्कता के लिए विशेष सड़क सुरक्षा चेतावनी बोर्ड भी स्थापित किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) के अधिशासी अभियंता की प्रत्यक्ष देखरेख में जनपद के अत्यधिक व्यस्त और प्रमुख मार्गों पर मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अनपरा-शक्तिनगर, बीजपुर मार्ग तथा अन्य संबंधित क्षेत्रों में सड़कों के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर गिट्टी डालकर रोलर के माध्यम से पैच मरम्मत का कार्य व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सड़क मरम्मत के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जनपद में आमजन के सुरक्षित आवागमन को लेकर जिलाधिकारी द्वारा सख्त रुख अपनाया गया है। संबंधित सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का यह अभियान बिना रुके निरंतर जारी रहे और सभी कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय से पूरा कराया जाए।
सोनभद्र जिलाधिकारी के निर्देश पर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज, कई मार्गों पर मरम्मत कार्य जारी
Related Posts
Add A Comment

