ओबरा/चोपन/सोनभद्र (29 जुलाई 2026)। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के पावन निर्देशन तथा सोनभद्र पतंजलि योग समिति एवं सहयोगी संगठनों के तत्वावधान में चोपन स्थित मां काली मंदिर (योग कक्षा प्रांगण) में गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े ही हर्षाोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ आयोजित किया गया। प्रातः 5:30 बजे भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी के कुशल नेतृत्व में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान मां काली मंदिर प्रांगण में भव्य वैदिक यज्ञ-हवन, ध्यान, आरती तथा प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। यज्ञ-हवन का पूजन कार्य पुरोहित ममता तिवारी द्वारा विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इसमें यजमान के रूप में आर.के. श्रीवास्तव, चोपन योग कक्षा प्रभारी शिवनाथ एवं राकेश साहनी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि पतंजलि के ये सभी निष्ठावान योग साधक आध्यात्मिक गुरु स्वामी रामदेव जी महाराज के सानिध्य में योग विद्या सीखकर समाज को स्वस्थ बनाने के संकल्प के साथ नियमित योग कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत स्वाभिमान सोनभद्र के जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक एवं पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला उन्होंने बताया कि आज ही के दिन आदि गुरु महर्षि वेदव्यास जी का जन्म हुआ था, जिन्होंने महाभारत और अठारह पुराणों की रचना की। इसी कारण इस पावन तिथि को व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है। गुरु वह समर्थ शक्ति हैं जो मनुष्य के जीवन से अज्ञान रूपी अंधकार को मिटाकर ज्ञान रूपी दिव्य प्रकाश भरते हैं। योग परंपरा के अनुसार, इसी शुभ दिन आदि योगी भगवान शिव ने सप्तऋषियों को योग का पहला ज्ञान प्रदान किया था। इस प्रकार संपूर्ण सृष्टि के प्रथम योग गुरु भगवान शिव ही हैं। महिला पतंजलि योग समिति (सोनभद्र दक्षिणी क्षेत्र) की जिला प्रभारी बहन ममता श्रीवास्तव ने सही राह दिखाने वाले सभी गुरुओं, शिक्षकों और आचार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा के दिन विशेष पूजा-विधि से यज्ञ-हवन, ध्यान-जप, गुरु दर्शन और दान-पुण्य करने से जीवन में सुख और शांति का मार्ग प्रशस्त होता है। महोत्सव के समापन पर पुरोहित ममता तिवारी एवं नरेंद्र सिंह (ओबरा) की उपस्थिति में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से महाआरती की, जिसके उपरांत उपस्थित जनसमूह के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संवर्धन का संदेश देते हुए महिला समिति की बहनों द्वारा अमरूद का पौधा तथा भाइयों द्वारा आंवले का पौधा रोपित कर प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में पतंजलि संगठन के अनेक भाई-बहन और स्थानीय योग साधक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सोनभद्र पतंजलि योगपीठ के तत्वावधान में धूमधाम से मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव यज्ञ-हवन व पौधरोपण आयोजित
Related Posts
Add A Comment

