ओबरा/सोनभद्र (27 जुलाई 2026)। ओबरा स्थित किड्स केयर इंग्लिश स्कूल के लिए सोमवार का दिन बेहद गौरवपूर्ण और भावुक कर देने वाला पल रहा। इसी विद्यालय से अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता का परचम लहराने वाली श्रुति ओला अपने बचपन की यादों को संजोने और नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से मिलने अपने विद्यालय परिसर पहुँचीं।उनके विद्यालय आगमन से बच्चों, शिक्षकों एवं संपूर्ण विद्यालय परिवार में भारी उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला। IAS श्रुति ओला के विद्यालय पहुँचने पर संस्था के प्रबंधक अमरदीप सिंह, प्रबंधिका जस्कृति तनेजा एवं प्रधानाचार्य सुनील कुमार गुप्ता एवं राष्ट्रपति का सुरक्षा परिषद सोनभद्र के जिला अध्यक्ष संतोष साहनी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर जस्कृति तनेजा, सुजाता पांडे एवं सुनीता गुप्ता ने उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान IAS श्रुति ओला ने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करते हुए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा किसी भी बड़े से बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, कड़ा अनुशासन, समय का सदुपयोग, अटूट आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक है। अगर मन में दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का बेहद सहज एवं प्रभावी ढंग से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें भविष्य में देश व समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रबंधक अमरदीप सिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह किड्स केयर परिवार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि विद्यालय की पूर्व छात्रा ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर IAS जैसी देश की सर्वोच्च सेवा में स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि जब कोई विद्यार्थी सफलता के शिखर पर पहुँचकर अपने पुराने विद्यालय लौटता है और बच्चों का मार्गदर्शन करता है, तो इससे नई पीढ़ी को अपने सपनों को साकार करने की अद्भुत प्रेरणा मिलती है।
वहीं विद्यालय की प्रबंधिका जस्कृति तनेजा ने भी श्रुति ओला को बधाई देते हुए विद्यार्थियों से उनके संघर्ष और सफलता से सीख लेकर बड़े सपने देखने व उन्हें पूरा करने का आह्वान किया। समारोह का कुशल एवं मंच संचालन तौकीर फातिमा एवं शुभम कुमार निगम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं में शुभम कुमार निगम, तौकीर फातिमा, कुमार सौरभ सिंह, प्रिया यादव, प्रभात कुमार पांडे, सुजाता पांडे एवं सुनीता गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य व भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा IAS श्रुति ओला को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल हेतु ढेरों शुभकामनाएं दी गईं।
सोनभद्र बचपन की यादों को संजोने अपने विद्यालय पहुँचीं IAS श्रुति ओला, विद्यार्थियों से साझा किए सफलता के मंत्र
Related Posts
Add A Comment

