ओबरा/दुद्धी/सोनभद्र (27 जुलाई 2026)। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के निर्देशन में हर घर योग, हर घर आयुर्वेद के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारत स्वाभिमान (सोनभद्र) के जिला प्रभारी योगाचार्य वीरेंद्र योगी के नेतृत्व में बभनी क्षेत्र के योग शिक्षकों एवं प्रभारियों की एक अति महत्वपूर्ण बैठक रविवार को संपन्न हुई। बभनी स्थित डॉ. हीरालाल के आवास पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ योग शिक्षक देवेन्द्र जी ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि योग संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु बभनी शिव मंदिर के हॉल में 25 दिवसीय सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी योग शिक्षक वरुण कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। इसके साथ ही, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार में परम पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज के पावन सानिध्य में आगामी 19 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक मुख्य योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर आयोजित होना तय हुआ है। इस राष्ट्रीय शिविर में सोनभद्र जनपद से लगभग 15 योग साधकों का दल प्रतिभाग करेगा। हरिद्वार से प्रशिक्षित होकर लौटने के बाद ये शिक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में योग कक्षाएं संचालित कर आम जनमानस को निरोगी बनाने का संकल्प पूरा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य वीरेंद्र योगी ने बभनी के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. हीरालाल को पतंजलि थैला, साहित्य व हरसिंगार का औषधीय पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा योग शिक्षक सुनील कुमार गुप्ता एवं रविशंकर जी को स्वाध्याय पुस्तकें भेंट की गईं। बैठक से प्रभावित होकर स्थानीय व्यापारी एवं योग साधक राम-लखन जी ने पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन प्रातः एक घंटे योग करने से उन्हें असीम ऊर्जा मिलती है और अब वे स्वामी रामदेव जी का आशीर्वाद प्राप्त कर समाज सेवा में बढ़-चढ़कर योगदान देंगे। जनपद सोनभद्र की समस्त योग कक्षाओं में पतंजलि परिवार द्वारा भव्य गुरु दक्षिणा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।पूज्य आचार्य बालकृष्ण जी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर बिल्ली गाँव स्थित क्रिकेट मैदान में वृहद स्तर पर निःशुल्क पौध वितरण एवं रोपण किया जाएगा। क्रिकेट कोच सतीश यादव, सचिव अजीज खान एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी रामवृक्ष यादव के नेतृत्व में 4 अगस्त को हजारों औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इस अभियान में समाजसेवी रमेश सिंह यादव सहित भारी संख्या में योग शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहेंगी। योगाचार्य वीरेंद्र योगी ने अपने सम्बोधन में सभी योग शिक्षकों के पुरुषार्थ और लगन की सराहना करते हुए कहा कि करें योग, रहें निरोग का मूलमंत्र ही स्वस्थ भारत और समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है।
सोनभद्र बभनी में पतंजलि योगपीठ की अहम बैठक संपन्न योग शिक्षकों के प्रशिक्षण और पौधारोपण अभियान पर बनी रणनीति
Related Posts
Add A Comment

