सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) जनपद के सिलथं क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां बारात लेकर जा रही एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन सवार कई बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और राहत कार्यों का निरीक्षण किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप गाड़ी बारातियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। खुशियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया जब सिलथं क्षेत्र के पास एक तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। पिकअप के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चर्चित गौड़ अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आधी रात को ही मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का दौरा किया और प्रत्येक घायल व्यक्ति से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। डीएम ने घायलों के परिजनों से भी बात की और उन्हें सांत्वना देते हुए कहा कि प्रशासन दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ा है और इलाज का पूरा खर्च व जिम्मेदारी सरकार की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की टीम को सख्त लहजे में निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घायलों के उपचार में एक मिनट की भी देरी न की जाए।अस्पताल प्रशासन सुनिश्चित करे कि दवाओं या किसी भी चिकित्सा उपकरण की कमी न हो।गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जाए।हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों का जीवन बचाना है। उपचार में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में सभी घायलों का उपचार जारी है, जिनमें से कुछ की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर दुर्घटना की मुख्य वजह ओवरलोडिंग और वाहन की तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या चालक नशे की हालत में था या वाहन में कोई तकनीकी खराबी आई थी।
सोनभद्र बारातियों से भरी पिकअप पलटने से मचा कोहराम, देर रात घायलों को देखने मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम चर्चित गौड़
Related Posts
Add A Comment

