शक्तिनगर/सोनभद्र ।जनपद सोनभद्र के शक्तिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीना और कृष्णशिला खदान को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग बुधवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के कारण पूरी तरह जलमग्न हो गया। सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाने से खदान में ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों और हैवी मशीन ऑपरेटरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव इतना भीषण था कि कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जिससे कर्मियों को पैदल ही जलमग्न मार्ग पार करने को विवश होना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि एनसीएल (NCL) परियोजनाओं द्वारा हर वर्ष बरसात से पूर्व जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) दुरुस्त करने के नाम पर लाखों रुपये के टेंडर जारी किए जाते हैं। इसके बावजूद धरातल पर जल निकासी का कोई ठोस प्रबंध आज तक नहीं किया जा सका।
बारिश होते ही नालियों के बजाए सारा पानी मुख्य संपर्क मार्ग पर जमा हो जाता है, जिससे पूरी व्यवस्था की पोल खुल जाती है। प्रतीत होता है कि संबंधित ठेकेदार (संविदाकार) द्वारा कार्य में घोर लापरवाही बरती गई है और अधिकारियों द्वारा इसकी सही ढंग से निगरानी नहीं की जा रही है। बिना किसी कसूर के रोजमर्रा के काम पर निकलने वाले कर्मचारियों और आम नागरिकों को इस लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने परियोजना प्रबंधन से मांग की है कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और संपर्क मार्ग पर पक्की जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आगे कर्मचारियों व आम जनता को इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके।
सोनभद्र बीना-कृष्णशिला संपर्क मार्ग जलमग्न झमाझम बारिश से खदान कर्मियों व अधिकारियों का आवागमन ठप
Previous Articleदुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

