रॉबर्ट्सगंज/सोनभद्र (22 जुलाई 2026)। भारतीय विधिक सहायता एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को दोपहर 12:00 बजे रॉबर्ट्सगंज तहसील परिसर स्थित अधिवक्ता भवन में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन अधिवक्ता राजकुमार पटेल द्वारा किया गया। संगोष्ठी के दौरान अधिवक्ताओं एवं एसोसिएशन के सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के सम्मान, संविधान के मूल आदर्शों की रक्षा तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। संगोष्ठी को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप जायसवाल ने कहा भारतीय तिरंगा केवल एक ध्वज मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारे देश के गौरव, स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानों और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का पावन प्रतीक है। देश के प्रत्येक नागरिक का यह परम कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सर्वोच्च सम्मान करे तथा राष्ट्रहित एवं संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा सदैव बनाए रखे। वहीं एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक पवन कुमार सिंह (एडवोकेट) ने अपने विचारों को व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय तिरंगा हम सभी को एकता, आपसी भाईचारे और निस्वार्थ राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है। वर्तमान समय में यह अत्यंत आवश्यक है कि हम युवा पीढ़ी को भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रध्वज की मर्यादा एवं सम्मान के प्रति जागरूक करें, जिससे देश की एकता और अखंडता और अधिक मजबूत हो सके। संगोष्ठी में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने एक स्वर में राष्ट्र हित और विधि के शासन को सर्वोपरि रखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विमल प्रसाद सिंह, रियाज़ खान, सुरेश सिंह कुशवाहा,कामता प्रसाद यादव,टीटू प्रसाद गुप्ता,आदर्श देव पांडेय,शाहनवाज आलम खान,दशरथ यादव,संतोष चतुर्वेदी,अजित कश्यप,राहुल जैन,धीरेंद्र पटेल,सहित भारी संख्या में अधिवक्तागण एवं एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
सोनभद्र भारतीय विधिक सहायता एसोसिएशन ने अधिवक्ता भवन में आयोजित की संगोष्ठी, राष्ट्रीय ध्वज व संविधान के सम्मान का लिया संकल्प
Related Posts
Add A Comment

