सोनभद्र । उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक-आधारित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के सकारात्मक परिणाम स्वरूप आदिवासी बाहुल्य जनपद सोनभद्र के सरकारी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। प्रदेश सरकार और संपर्क फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान से जिले के 10 विकास खंडों के 900 परिषदीय विद्यालयों में ‘स्मार्ट क्लास’ सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। इस पहल से परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत हजारों ग्रामीण व आदिवासी बच्चों को नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप रोचक व आधुनिक शिक्षा मिल रही है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि स्मार्ट क्लास संचालन हेतु संपर्क फाउंडेशन की विशेष एसटीवी (STV) डिवाइस का प्रयोग किया जा रहा है। इस डिवाइस में एनसीईआरटी (NCERT) और एससीईआरटी (SCERT) द्वारा अनुमोदित पाठ्यक्रम पहले से लोड रहता है, जिसके लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी की आवश्यकता नहीं पड़ती। आकर्षक एनिमेशन, चित्रों, ऑडियो-वीडियो और रोचक गतिविधियों के माध्यम से तैयार की गई इस पाठ्य सामग्री से बच्चे गणित, विज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी जैसे विषयों को खेल-खेल में आसानी से सीख रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि डिजिटल माध्यम से पढ़ाई शुरू होने के बाद से परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति और कक्षाओं में सहभागिता काफी बढ़ी है। दृश्य सामग्री से पढ़े गए पाठ बच्चों के दिमाग में लंबे समय तक याद रहते हैं। शिक्षक भी ऑडियो-वीडियो टूल्स की मदद से पठन-पाठन को काफी प्रभावी और जीवंत बना रहे हैं।प्रदेश सरकार और संपर्क फाउंडेशन की यह संयुक्त पहल सोनभद्र के दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को सुधारने में मील का पत्थर साबित हो रही है। प्रशिक्षित शिक्षकों और गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट के माध्यम से बच्चों को एक बेहतर और प्रतिस्पर्धात्मक शैक्षणिक माहौल मिल रहा है, जिससे जनपद का शैक्षणिक स्तर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सोनभद्र योगी सरकार के प्रयासों से बदली स्कूलों की तस्वीर 900 परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास से आसान हुई पढ़ाई
Related Posts
Add A Comment

