हाथीनाला/सोनभद्र (अजीत सिंह)-(29 जुलाई 2026)। जनपद के हाथीनाला थाना क्षेत्र अंतर्गत हाथीनाला-पिपरी मार्ग स्थित भूतहिया पुलिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रेलर बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। लगभग चार घंटे तक चले कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही हाथीनाला, पिपरी और रेणुकूट थाने की पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुँची। हादसे में ट्रेलर का खलासी खुशकिस्मत रहा और उसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालाँकि, चालक वाहन के मलबे और केबिन के बीच कसकर फँस गया था। चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस प्रशासन और स्थानीय समाजसेवियों द्वारा क्रेन तथा गैस कटर मंगाया गया। केबिन के लोहे के हिस्सों को काटकर लगभग 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकाला जा सका। रेस्क्यू के पश्चात घायल चालक को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चालक की पहचान प्रमोद कुमार (उम्र 24 वर्ष), निवासी जिला मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।हाथीनाला से लेकर पिपरी वनदेवी मंदिर मार्ग के बीच जब भी कोई बड़ी सड़क दुर्घटना होती है, तो रेणुकूट की पूर्व चेयरमैन निशा बबलू सिंह की समाजसेवी टीम (टीम निशा बबलू सिंह) तुरंत मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट जाती है। जहाँ पुलिस प्रशासन 24 घंटे मुस्तैद रहता है, वहीं टीम निशा बबलू सिंह भी बिना दिन-रात की परवाह किए 24 घंटे जनता की सेवा और आपात स्थिति में मदद हेतु समर्पित रहती है। इस हादसे के दौरान भी पुलिस प्रशासन के साथ टीम निशा बबलू सिंह के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया और घायल को अस्पताल पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
टीम निशा बबलू सिंह के संरक्षक विजय प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह ने क्षेत्र की भौगोलिक विकटताओं और जनसमस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बघा नाला से लेकर मुर्धवा मोड़ तक का पूरा मार्ग अत्यंत जोखिम भरा है।
उन्होंने बताया इस पूरे मार्ग पर सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट या रोशनी का कोई समुचित प्रबंध नहीं है। घना जंगल और अत्यधिक अंधे मोड़ होने के कारण आए दिन हादसे होते हैं, वहीं नेटवर्क कनेक्टिविटी न होने से हादसों की सूचना भी समय पर नहीं मिल पाती। विजय प्रताप सिंह (डब्लू सिंह) ने कहा कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को अवगत कराया है कि इस मार्ग का अविलंब चौड़ीकरण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। भूतहिया पुलिया के पास लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और समाजसेवियों में गहरा आक्रोश एवं भय है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग अत्यंत संकरा व खतरनाक मोड़ वाला है, जिससे आए दिन बेकाबू वाहन खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। स्थानीय नागरिकों व जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस दुर्घटना बाहुल्य ब्लैक स्पॉट और पूरे भूतहिया पुलिया मार्ग को अविलंब फोरलेन बनाया जाए, ताकि आए दिन गंवाई जा रही असमय जान-माल की रक्षा की जा सके।
सोनभद्र हाथीनाला के भूतहिया पुलिया पर भीषण हादसा 4 घंटे चले रेस्क्यू के बाद केबिन से निकाला गया चालक, इलाज के दौरान मौत
Related Posts
Add A Comment

