बलिया। थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपी पर पूर्व विवाद के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की रात करीब नौ बजे पीड़ित युवक अपने एक साथी के साथ घरेलू सामान खरीदने कदम चौराहा जा रहा था। आरोप है कि टोल टैक्स जीप स्टैंड के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने पुराने विवाद को लेकर उसे रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान गोलू पटेल उर्फ बजरंगी पटेल तथा पवन चौबे ने कथित रूप से युवक पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित के साथी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और घटना की सूचना दी।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 300/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
शनिवार को उपनिरीक्षक शंशाक पाण्डेय अपनी टीम के साथ बेदुआ मोहल्ले में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गोलू पटेल उर्फ बजरंगी पटेल (19 वर्ष) पुत्र राजेश पटेल, निवासी पानी टंकी के पास, जापलिनगंज, थाना कोतवाली, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शंशाक पाण्डेय, हेड कांस्टेबल माधव सिंह यादव, कांस्टेबल रवि कुमार तथा कांस्टेबल हर्षवर्धन सिंह शामिल रहे।
हत्या के प्रयास के मामले में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

