गाजीपुर। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जनभागीदारी और उत्साह के साथ सफल बनाने के लिए सोमवार देर शाम जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें तिरंगा यात्रा, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा कॉन्सर्ट, विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी जिम्मेदारी से कराए जाएं और इसमें युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, एनसीसी-एनएसएस, माई भारत वालेंटियर, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
14 अगस्त को होगा तिरंगा कॉन्सर्ट
बैठक में बताया गया कि नौ से 15 अगस्त तक विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में तिरंगा-प्रेरित कला गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और चौराहों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण कराया जाएगा। 14 अगस्त को तिरंगा कॉन्सर्ट में स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों एवं उनके स्वजन को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान तिरंगा गान, देशभक्ति गीत, ‘वंदे मातरम्’ तथा स्कूली व पुलिस बैंड की प्रस्तुतियां होंगी।
विभाजन विभीषिका की स्मृतियों से रूबरू होगी नई पीढ़ी
14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम के तहत प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से विभाजन के दौरान हुई घटनाओं एवं उससे जुड़ी स्मृतियों से लोगों को अवगत कराया जाएगा।
तिरंगा यात्रा में दिखेगा देशभक्ति का रंग
तिरंगा रैली में बाइक रैली के साथ विद्यार्थी, युवा, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, महिला स्वयं सहायता समूह, एनसीसी-एनएसएस, माई भारत वालेंटियर और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने रैली के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। चिन्हित स्थानों पर पेयजल और सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा।
हर घर और कार्यालय पर फहरेगा तिरंगा
जिलाधिकारी ने 15 अगस्त को प्रत्येक घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थल पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और निर्धारित नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया।
17 अगस्त तक चलेगी तिरंगा सेल्फी गतिविधि
नौ से 17 अगस्त तक तिरंगा सेल्फी गतिविधि आयोजित की जा रही है। नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेने तथा ‘वंदे मातरम्’ गायन के वीडियो www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। डीएम ने अभियान की प्रत्येक गतिविधि की फोटो-वीडियोग्राफी कराकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपदवासियों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में उत्साहपूर्वक सहभागी बनें और अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करें।
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर डीएम ने दिए व्यापक जनभागीदारी के निर्देश
Previous Articleमुहम्मदाबाद में निकली तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा लगाने की अपील
Related Posts
Add A Comment

