नगरा (बलिया)। नगरा क्षेत्र के खनवर गांव में हैंडपंप मशीन में उतरे करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के प्रधानपुर निवासी अनिरुद्ध राम (50) के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि अनिरुद्ध राम मजदूरी करने के लिए अपने साथियों के साथ खनवर गांव गए थे। काम के दौरान प्यास लगने पर वह हैंडपंप चलाने पहुंचे। हैंडपंप के अंदर समरसेबल लगा हुआ था, जिससे मशीन में करंट उतर गया। करंट की चपेट में आने से अनिरुद्ध गंभीर रूप से झुलस गए।
आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें रसड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अनिरुद्ध राम अपने पीछे पत्नी सानमती, एक पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं। पुत्री प्रतिभा की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्रियां सोनम और प्रियंका अभी परिवार के साथ थीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी और बेटियों के विलाप से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
हैंडपंप में उतरे करंट से अधेड़ मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Related Posts
Add A Comment

