गाजीपुर। माफिया मुख्तार अंसारी से जुड़े चर्चित होटल गजल की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। होटल गजल की जमीन पर दो व्यक्तियों ने अपना-अपना मालिकाना हक जताते हुए एमपी/एमएलए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है।।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक अग्रवाल एवं मोतीलाल वर्मा ने न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर होटल गजल की भूमि पर स्वामित्व का दावा किया है। दोनों पक्षों द्वारा किए गए दावों के बाद मामला और अधिक जटिल हो गया है। वर्तमान में राज्य बनाम मुख्तार अंसारी से संबंधित प्रकरण एमपी/एमएलए कोर्ट में विचाराधीन है।।
उल्लेखनीय है कि होटल गजल को पूर्व में स्वीकृत नक्शे के अनुरूप निर्माण न पाए जाने पर प्रशासन द्वारा ध्वस्त किया जा चुका है। साथ ही गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत उक्त संपत्ति को कुर्क भी किया गया था।।
कुर्क संपत्ति को मुक्त कराने के लिए मुख्तार अंसारी एवं उनके परिजनों की ओर से जिलाधिकारी न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था, जिसे डीएम कोर्ट ने निरस्त कर दिया था। इसके बाद मामला एमपी/एमएलए कोर्ट में पहुंचा, जहां इसकी सुनवाई जारी है।।
इसी बीच होटल गजल की संपत्ति पर दो अलग-अलग दावेदारों के सामने आने से विवाद ने नया स्वरूप ले लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय ने मुख्तार अंसारी के पुत्र अब्बास अंसारी को नोटिस जारी कर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।।
न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 27 जून की तिथि निर्धारित की है।

