गाजीपुर। समाजवादी पार्टी गाजीपुर के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश की विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) आरक्षण घोटाले को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव, विधायक शोएब अंसारी, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से भाजपा सरकार पर आरक्षण नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया।।
सपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार सरकारी नौकरियों में संविधान प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था को कमजोर कर रही है तथा पीडीए वर्ग के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उनका आरोप था कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में आरक्षित वर्गों को मिलने वाले पदों को व्यवस्थित रूप से कम किया गया है।।
नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की 22 भर्ती परीक्षाओं में कुल 11,514 आरक्षित पदों की अनदेखी की गई है। इस संबंध में पार्टी द्वारा एक पुस्तिका भी जारी की गई, जिसमें विभिन्न विभागों और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित आरक्षण विसंगतियों का उल्लेख किया गया है। सपा नेताओं ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती सहित कई महत्वपूर्ण भर्तियों में आरक्षण नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया।।
प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि पिछड़ा वर्ग आयोग ने भी आरक्षण संबंधी अनियमितताओं की ओर संकेत किया है तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने संबंधी निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद सरकार उचित कार्रवाई नहीं कर रही है।।
समाजवादी पार्टी नेताओं ने कहा कि पार्टी पीडीए समाज के अधिकारों की रक्षा और न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है तथा आगे भी यह लड़ाई जारी रहेगी।।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष निजामुद्दीन खां, छन्नू यादव, कन्हैयालाल विश्वकर्मा, दारा यादव, सुग्गु यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।

