गाजीपुर। समाजवादी पार्टी महिला सभा के बैनर तले 23 जुलाई से जिले में 11 दिवसीय समाजवादी सद्भाव साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी हरी झंडी दिखाकर करेंगे। यात्रा के माध्यम से पार्टी गांव-गांव पहुंचकर सामाजिक न्याय, भाईचारा और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
यात्रा की संयोजक पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने सोमवार को सांसद अफजाल अंसारी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। सांसद ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए यात्रा के शुभारंभ में शामिल होने की सहमति दी।
पुनीता सिंह ने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा जिले के विभिन्न गांवों, कस्बों और प्रमुख बाजारों से होकर गुजरेगी। इस दौरान आमजन से संवाद, जनसंपर्क और संगठन को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
यात्रा के प्रभारी सुजीत ‘साइकिल’ ने कहा कि यह अभियान सामाजिक चेतना और जनजागरण का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य पीडीए समाज को एकजुट करते हुए युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ना है।
पार्टी के अनुसार यात्रा में जिले के विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री, ब्लॉक प्रमुख, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने के अभियान के रूप में देखा जा रहा है।
23 जुलाई से निकलेगी समाजवादी सद्भाव साइकिल यात्रा, सांसद अफजाल अंसारी करेंगे शुभारंभ
Related Posts
Add A Comment

