मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। जनपद गाजीपुर के लिए 30 जुलाई का दिन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री यूसुफपुर स्थित नवीन मंडी समिति परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे तथा लगभग ₹692 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की लगभग ₹692 करोड़ लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। इससे जनपद के आधारभूत ढांचे, संपर्क मार्गों तथा विभिन्न विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम को लेकर जिले के लोगों में उत्साह का माहौल है और सभी की निगाहें 30 जुलाई पर टिकी हुई हैं।
30 जुलाई को यूसुफपुर में मुख्यमंत्री योगी का संभावित आगमन, ₹692 करोड़ की विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण व शिलान्यास।।
Related Posts
Add A Comment

