भदोही। जनपद के भदोही विकास खंड अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा मखदूमपुर इन दिनों विकास कार्यों और स्थानीय राजनीति को लेकर चर्चा में है। पिछले दिनों ग्राम प्रधान पर कुछ विरोधियों द्वारा विकास कार्यों में शिथिलता और अनियमितता के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों की जमीनी हकीकत जानने के लिए जब हमारी मीडिया टीम ने मखदूमपुर गांव का दौरा किया, तो जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही थी।
गांव के विभिन्न वार्डों में जाकर जब हमारी टीम ने आम जनता और प्रबुद्ध नागरिकों से बातचीत की, तो ग्रामीणों ने एक सुर में प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्तमान प्रधान के कार्यकाल में गांव के बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार हुआ है। सड़क, नाली, खड़ंजा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर बेहतर काम किया गया है।
ग्रामीणों का कहना: “प्रधान पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह राजनीति से प्रेरित और बेबुनियाद हैं। गांव में जो भी काम हुए हैं, वे पूरी पारदर्शिता के साथ कराए गए हैं। हम सभी प्रधान के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट हैं।”
धरातल पर स्थिति यह देखने को मिली कि गांव के विकास के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि कुछ लोग निजी स्वार्थ और राजनीतिक द्वेष के कारण प्रधान की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्राउंड जीरो की पड़ताल से यह साफ हो गया है कि जनता का विश्वास मौजूदा ग्राम प्रधान के साथ है और गांव में विकास की गति निरंतर जारी है।

