लखनऊ मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के हीरामनखेड़ा गांव में रास्ते को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।हीरामनखेड़ा गांव निवासी मुकेश पुत्र रामकुमार के अनुसार गांव के ही कल्लू पुत्र रामसेवक, शनि पुत्र कल्लू, शिवा पुत्र कल्लू व सुशीला पत्नी कल्लू समेत अन्य लोग उनके घर के सामने से निकले संकरे रास्ते से ट्रैक्टर निकालने का प्रयास कर रहे थे। प्रार्थी पक्ष द्वारा रास्ता संकरा होने की बात कहकर ट्रैक्टर ले जाने से मना किया गया तो विपक्षी आगबबूला हो गए। आरोप है कि इसके बाद सभी लोग गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।पीड़ित ने बताया कि शोरगुल सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता रामकुमार को भी आरोपितों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आ गई और खून बहने लगा। मारपीट में मुकेश के सिर में भी चोट आई है। घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते समय विपक्षियों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि कहीं शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। घटना के बाद घायल पिता-पुत्र ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर विवाद हुआ है। तहरीर प्राप्त हुई है, घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रास्ते को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पिता-पुत्र घायल, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Related Posts
Add A Comment

