ओबरा/सोनभद्र। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और पेट्रोल-डीजल की बचत के राष्ट्रव्यापी आह्वान को आत्मसात करते हुए सोनभद्र जनपद में एक बेहद अनूठी और प्रेरक तस्वीर सामने आई है। ओबरा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक संजीव कुमार गौड़ ने राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए वीआईपी चकाचौंध और अपनी सरकारी गाड़ी को त्याग दिया। उन्होंने बुधवार को अपने क्षेत्रीय भ्रमण के लिए एक साधारण नागरिक की तरह उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) की बस का टिकट कटाया और बारी डाला स्थित अपने विधानसभा कार्यालय से लेकर अनपरा तक का सफर तय किया। लग्जरी गाड़ियों के काफिले के बजाय अपने विधायक को साधारण रोडवेज बस में यात्रियों के बीच बैठकर यात्रा करते देख हर कोई अचंभित रह गया। बस में सफर कर रहे आम मुसाफिरों ने विधायक की इस सादगी और जमीनी जुड़ाव की मुक्तकंठ से सराहना की। बस में आम नागरिकों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनते और सफर का आनंद लेते हुए विधायक संजीव कुमार गौड़ ने इस पहल के पीछे के मूल उद्देश्य को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और सीमित प्राकृतिक संसाधनों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत और ऊर्जा संरक्षण को लेकर जो आह्वान किया गया है, उसे धरातल पर उतारना हर नागरिक का कर्तव्य है। विधायक संजीव कुमार गौड़ ने कहा मेरा यह प्रयास केवल कुछ लीटर ईंधन बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रहित में हमारी सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता का एक मजबूत प्रतीक है। सीमित संसाधनों का संरक्षण करना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत बनाना हम सभी का परम दायित्व है। इसके लिए हमें अपनी मानसिकता बदलनी होगी और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलावों को सहर्ष स्वीकार करना होगा। अनपरा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने विधायक संजीव कुमार गौड़ का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने अपने सभी कार्यकर्ता साथियों, समर्थकों और क्षेत्रवासियों से हाथ जोड़कर इस जनहितकारी मुहिम का हिस्सा बनने का विनम्र आग्रह किया। उन्होंने समाज के हर वर्ग से अपील करते हुए कम दूरी या नियमित सफर के लिए अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन (रोडवेज बस, ट्रेन) का उपयोग करें। दफ्तर, व्यवसाय या सामूहिक कार्यक्रमों में जाने के लिए कारपूलिंग (एक ही गाड़ी में मिलकर सफर करना) की आदत डालें। दिखावे या शौक के लिए होने वाले अनावश्यक ईंधन व्यय से बचें और भावी पीढ़ी के लिए ऊर्जा का संरक्षण करें। विधायक संजीव कुमार गौड़ द्वारा साधारण बस में सफर करने और जनता के बीच बैठने की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आईं, क्षेत्र की जनता ने इसे हाथों-हाथ लिया। लोगों का कहना है कि जब समाज का नेतृत्व करने वाला व्यक्ति खुद वीआईपी संस्कृति से बाहर निकलकर इस तरह की मिसाल पेश करता है, तो आम जनता को भी सजग होने की बड़ी प्रेरणा मिलती है। बुद्धिजीवियों और युवाओं ने कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाता है, तभी कोई राष्ट्र वास्तविक रूप से महाशक्ति बनता है। ओबरा विधायक की इस ऐतिहासिक पहल ने निश्चित रूप से जनपद में ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के अभियान को एक बड़े जन-आंदोलन का रूप दे दिया है।
ओबरा विधायक संजीव कुमार गौड़ की अनूठी मिसाल सरकारी गाड़ी छोड़ बारी डाला से अनपरा तक रोडवेज बस से किया सफर, दिया ईंधन बचत का संदेश
Related Posts
Add A Comment

