राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) उत्तर प्रदेश सहित पूरा उत्तर भारत इस समय रिकॉर्ड तोड़ भीषण गर्मी और जानलेवा लू (Heat Wave) की चपेट में है। आसमान से बरसती आग और तपती धूप के बीच जहां आम लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं सोनभद्र की राबर्ट्सगंज विधानसभा सीट से विधायक भूपेश चौबे ने जनसेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की है। आज दोपहर चिलचिलाती धूप में विधायक खुद सड़कों पर उतरे और समाज के सबसे मेहनतकश तबके को राहत पहुंचाने का काम किया। विधायक भूपेश चौबे ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न चौराहों और मुख्य मार्गों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इस भीषण तपन में भी पेट पालने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे टोटो चालकों, ई-रिक्शा चालकों, मुस्तैदी से तैनात सुरक्षाकर्मियों, राहगीरों और तपती धूप में स्कूल से घर लौट रहे मासूम बच्चों को पारंपरिक गमछा वितरित किया। विधायक ने न सिर्फ राहत सामग्री बांटी, बल्कि खुद अपने हाथों से कई बुजुर्गों और बच्चों के सिर पर गमछा बांधा और उनका कुशलक्षेम जाना। इस सेवा अभियान के दौरान जनता से सीधा संवाद करते हुए विधायक भूपेश चौबे ने भावुक मन से कहा राजनीति का असली और मूल उद्देश्य जनता की नि:स्वार्थ सेवा करना है। इस तपती धूप में जो लोग हमारे समाज को गति देने के लिए सड़कों पर पसीना बहा रहे हैं, उन जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाना हमारा कर्तव्य भी है और संकल्प भी। हमारा निरंतर यह प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी भाई-बहन इस भीषण गर्मी में स्वयं को असहाय या अकेला महसूस न करे। जनसेवा ही हमारा संकल्प है और जनता का सम्मान ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। संवाद के दौरान विधायक ने क्षेत्र के नागरिकों से इस जानलेवा गर्मी से बचने के लिए बेहद सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने उपस्थित लोगों और राहगीरों से निवेदन करते हुए कहा कि घर से बाहर निकलते समय सिर और कान को ढकने के लिए गमछा, टोपी या स्कार्फ का इस्तेमाल अवश्य करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें; थोड़ी-थोड़ी देर पर पर्याप्त पानी, ओआरएस (ORS) घोल, मट्ठा या नींबू पानी पीते रहें। दोपहर के समय बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें और अपने स्वास्थ्य के प्रति रत्ती भर भी लापरवाही न बरतें। तपती धूप में अपने जनप्रतिनिधि को अचानक अपने बीच पाकर और उनसे गमछा व ढांढस पाकर ई-रिक्शा चालक और राहगीर भावुक नजर आए। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि वीआईपी कल्चर से दूर, इस भीषण गर्मी में जमीन पर उतरकर आम जनता की सुध लेना केवल एक संवेदनशील और सच्चे नेता के बस की बात है। विधायक के इस सहृदय प्रयास की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
भीषण गर्मी में जनसेवा की मिसाल राबर्ट्सगंज विधायक भूपेश चौबे ने सड़कों पर उतरकर बांटे गमछे, जाना राहगीरों का हाल
Related Posts
Add A Comment

