सोनभद्र/बुधवार, 20 मई 2026 देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने की मुहिम को गति देते हुए रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने आज एक अनूठी और प्रेरक पहल की है। बुधवार को उन्होंने वीआईपी संस्कृति और सरकारी वाहन को छोड़कर अपने आवास से कार्यालय तक का सफर एक आम नागरिक की तरह बैटरी चालित टोटो (ई-रिक्शा) से तय किया। उनकी इस सादगी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता की पूरे शहर में जमकर सराहना हो रही है। आमतौर पर जनप्रतिनिधि और अधिकारी चमचमाती लग्जरी गाड़ियों से चलते हैं, लेकिन रॉबर्ट्सगंज पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने आज एक मिसाल पेश की। वे सुबह अपने उरमौरा स्थित निजी आवास से बाहर निकलीं और नगर पालिका परिषद कार्यालय जाने के लिए उन्होंने एक बैटरी चालित ई-रिक्शा (टोटो) किराए पर लिया।रास्ते में जिसने भी पालिका अध्यक्ष को ई-रिक्शा में सफर करते देखा, वह उनकी इस सादगी का कायल हो गया। इस अनूठी यात्रा के जरिए उन्होंने रॉबर्ट्सगंज और जनपद के नागरिकों को पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत को कम करने और पर्यावरण को बचाने का सीधा संदेश दिया। नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचने पर अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने मीडिया और आम जनता से मुखातिब होते हुए अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा माननीय प्रधानमंत्री जी लगातार देशवासियों से ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की अपील कर रहे हैं। हमारे छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े बदलावों का मार्ग प्रशस्त करते हैं। यदि हम अपने दैनिक जीवन में थोड़ी सी जागरूकता दिखाएं और कम दूरी की यात्राओं के लिए पेट्रोल-डीजल वाहनों के बजाय इलेक्ट्रिक वाहनों या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, तो हम न केवल पर्यावरण को दूषित होने से बचाएंगे, बल्कि देश और अपनी व्यक्तिगत आर्थिक बचत भी कर सकेंगे। बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग और डस्ट प्रदूषण से जूझ रहे सोनभद्र जनपद में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा उठाया गया यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रॉबर्ट्सगंज के स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और प्रबुद्ध वर्ग ने पालिका अध्यक्ष की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि जब समाज का नेतृत्व करने वाले लोग खुद जमीन पर उतरकर ऐसा उदाहरण पेश करते हैं, तो आम जनता को भी सजग होने की बड़ी प्रेरणा मिलती है। शहर के युवाओं ने भी सोशल मीडिया पर इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रीन सोनभद्र की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है।
पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद की अनूठी पहल ई-रिक्शा (टोटो) से पहुंचीं दफ्तर, सोनभद्र की जनता को दिया ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Related Posts
Add A Comment

