भदोही सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं विभिन्न विभागीय इंडिकेटर्स की मासिक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि किसी भी निर्माण कार्य के प्रारंभ से पूर्व स्थल पर डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए।
राजकीय पॉलिटेक्निक निर्माण कार्य की धीमी प्रगति एवं प्राप्त शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने जांच समिति गठित कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी की खराब प्रगति पर उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्यापन हेतु लाभार्थियों की श्रेणीवार सूची तैयार कर वास्तविक स्थिति से संबंधित रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में निर्माणाधीन सड़कों, क्रिटिकल गैप निधि, उद्यान विभाग, गौआश्रय स्थल, पशुपालन, कृषि एवं मत्स्य विभाग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि माह मार्च में जनपद की रैंकिंग 11वें स्थान पर थी, जबकि अप्रैल माह में यह घटकर 42वें स्थान पर पहुंच गई है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग समन्वय स्थापित कर रैंकिंग में सुधार लाने हेतु गंभीरता से कार्य करें।
उन्होंने श्रेणी ‘डी’ में चिकित्सा एवं पशुधन विभाग, श्रेणी ‘सी’ में नियोजन विभाग तथा श्रेणी ‘बी’ में पंचायती राज, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में सुधार कर ‘ए’ श्रेणी में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद की निर्माणाधीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अंकित कर जनपद की रैंकिंग में सुधार लाया जा सके।
बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की प्रगति, स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं, जनगणना कार्य, न्यायालयों में लंबित वाद, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड निर्माण, दैवीय आपदा से संबंधित प्रकरण, एसएआर फार्म रजिस्ट्री, फैमिली आईडी एवं बेसिक शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु अधिशासी अभियंता जल निगम को आवश्यक निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभोली में आवासीय भवन निर्माण कार्य की खराब प्रगति एवं गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त करते हुए राजकीय निर्माण निगम मीरजापुर के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को योजनाओं का लाभ समय से प्राप्त हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष चक, उपनिदेशक कृषि अश्वनी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

