भदोही:जिलाधिकारी शैलेष कुमार के कुशल निर्देशन में 29 मई 2026, को वित्तीय वर्ष 2025-26 की मार्च त्रैमासिक अवधि में किए गए कार्यों की समीक्षा हेतु अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DCC/DLRC) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, सरपतहां में आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी द्वारा बैंकिंग एवं सरकार प्रायोजित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान ऋण-जमानुपात (CD Ratio) बढ़ाने के विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए इसे बढ़ाकर 60 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के अंतर्गत जनपद को संतृप्त करने हेतु सभी बैंकों को विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वयं सहायता समूह (SHG), पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) सहित अन्य सरकार प्रायोजित योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि जनपद में बैंकों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा शिकायतों में कमी लाने के लिए बैंक उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक श्री अमित कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ श्री अशोक कुशवाहा, नाबार्ड के डीडीएम श्री राम यादव, आरसेटी के निदेशक श्री भारद्वाज सहित जनपद के समस्त बैंकों के जिला समन्वयक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

