राजातालाब (वाराणसी) में सम्पन्न हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, संगठन विस्तार और जनसेवा पर बनी रणनीति
वाराणसी। राष्ट्रीय पत्रकार परिषद संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन की भावी कार्ययोजना, पत्रकार हितों की सुरक्षा, संगठन विस्तार तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय पत्रकार परिषद संगठन अब केवल पत्रकारों के अधिकारों और हितों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास तथा गरीब एवं असहाय लोगों के कल्याण से संबंधित योजनाओं पर भी सक्रिय रूप से कार्य करेगा। संगठन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होता है और उसकी जिम्मेदारी केवल समाचार संकलन तक सीमित नहीं है। संगठन सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष पांडेय ने कहा कि संगठन पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी नई पहचान स्थापित करेगा। वहीं प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश कलाकार सुशील चौबे ने संगठन की भावी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक में संगठन की सदस्यता बढ़ाने, जिला एवं तहसील स्तर पर इकाइयों को सशक्त करने तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सहित भदोही जनपद के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष और जिला महामंत्री उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन की मजबूती, पत्रकार सम्मान तथा समाजसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।

