चोपन (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नवटोलिया में शनिवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 14 वर्षीय किशोरी का शव घर के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र के नवटोलिया निवासी मनोज केवट की 14 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी, जिसने हाल ही में कक्षा आठ की परीक्षा उत्तीर्ण की थी, का शव भोर में करीब 4:30 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने घर के बाहर बने टीनशेड में लोहे के पाइप से लटका हुआ देखा। बेटी को इस हाल में देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजनों ने रस्सी काटकर किशोरी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और चोपन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका के पिता मनोज केवट ने बताया कि बीती रात पूरा परिवार रोजाना की तरह एक साथ खाना खाकर सोया था। सुबह जब आंख खुली तो यह हृदय विदारक दृश्य देखने को मिला। उन्होंने बताया कि बेटी ने किस वजह से इतना आत्मघाती कदम उठाया, इसके कारणों की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इस संबंध में चोपन पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के हर पहलू और बारीकियों को ध्यान में रखकर गहराई से जांच में जुटी हुई है।
चोपन संदिग्ध परिस्थितियों में कक्षा 8 की छात्रा का फंदे से लटका मिला शव, क्षेत्र में सनसनी
Related Posts
Add A Comment

