गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के विकासखंड मुहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत राजापुर के ग्राम प्रधान अश्वनी राय को पंचायतीराज व्यवस्था में उनके उत्कृष्ट कार्यों, जनहितकारी सोच एवं ग्राम विकास के प्रति समर्पित योगदान के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है। पंचायतीराज विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित छठे राज्य वित्त आयोग की बैठक में उन्हें जनपद का प्रतिनिधित्व करने हेतु आमंत्रित किया गया है।।
यह महत्वपूर्ण विचार-विमर्श बैठक आगामी 12 जून 2026 को स्कायर इन होटल, गोमती नगर विस्तार, लखनऊ में आयोजित होगी। बैठक का उद्देश्य प्रदेश भर के पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर ग्राम पंचायतों की वित्तीय आवश्यकताओं, विकास योजनाओं, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा स्थानीय निकायों को सशक्त बनाने संबंधी सुझाव प्राप्त करना है।।
ग्राम प्रधान अश्वनी राय ने अपने कार्यकाल के दौरान ग्राम पंचायत राजापुर में विकास कार्यों को नई गति प्रदान करने का प्रयास किया है। पंचायत स्तर पर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, सड़क, पेयजल, जनसहभागिता एवं पारदर्शी प्रशासन को बढ़ावा देने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। ग्रामीणों के बीच उनकी पहचान एक जनसरोकार वाले जनप्रतिनिधि के रूप में बनी है।।
प्रदेश स्तर की इस महत्वपूर्ण बैठक में उनकी सहभागिता न केवल ग्राम पंचायत राजापुर बल्कि पूरे जनपद गाजीपुर के लिए गौरव का विषय है। इससे स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अवसर मिलेगा।।
अश्वनी राय ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज को राज्य स्तर पर रखने का यह अवसर उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे जनपद की ग्राम पंचायतों से जुड़े मुद्दों, चुनौतियों एवं सुझावों को मजबूती से प्रस्तुत करेंगे, जिससे ग्रामीण विकास को और अधिक गति मिल सके।।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने अश्वनी राय को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सहभागिता से पंचायतों के हित में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।।

