गाजीपुर( पुनित त्रिपाठी)। जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की एक आपात बैठक रविवार को महाराजगंज स्थित जिलाध्यक्ष अनिल जायसवाल के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों तथा समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलचूरी कुल देवता भगवान राज राजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
बैठक में संगठन की आय-व्यय की समीक्षा के साथ-साथ संगठन के विस्तार एवं मजबूती पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि जनपद में पहली बार कलचूरी कुल देवता भगवान राज राजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन का भव्य मंदिर निर्माण कराया जाएगा। यह मंदिर लहुरी काशी के नाम से प्रसिद्ध वेसो नदी तट स्थित यूसुफपुर (खड़वा) में प्रस्तावित है, जहां आदमकद प्रतिमा की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
मंदिर निर्माण के लिए आवश्यक निर्माण सामग्री एवं आर्थिक सहयोग जुटाने के उद्देश्य से समाज के लोगों से सहयोग का आह्वान किया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में मंदिर निर्माण में तन, मन और धन से सहयोग देने का संकल्प लिया।
बैठक में वर्ष 2027 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। समाज के युवाओं एवं समाजसेवियों को अभी से चुनावी तैयारी करने तथा नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। महासभा ने भरोसा दिलाया कि चुनाव में उतरने वाले योग्य प्रत्याशियों को समाज की ओर से आर्थिक, शारीरिक एवं वैचारिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से गिरधारी लाल जायसवाल, संजीत जायसवाल, राजकुमार जायसवाल, उमाशंकर जायसवाल, सत्यदेव जायसवाल, अंकित जायसवाल, रामअवध जायसवाल, मनीष जायसवाल, पप्पू जायसवाल, दीपक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता सुशील जायसवाल ने तथा संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेश जायसवाल ने किया। अंत में जिलाध्यक्ष अनिल जायसवाल ने सभी उपस्थित समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की बैठक में सहस्त्रबाहु मंदिर निर्माण हेतु सहयोग का संकल्प||
Related Posts
Add A Comment

