सोनभद्र (चोपन)। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य राज्य मार्ग पर चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोस्ट ऑफिस के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दर्शन-पूजन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हादसे में वाहन सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के थाना रंटोला क्षेत्र के अंतर्गत ओढ़े गांव निवासी कुछ लोग वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने गए थे। सोमवार को सभी बोलेरो से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बोलेरो चोपन थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस के समीप पहुंची, अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई। झपकी आते ही वाहन से नियंत्रण खो गया और बोलेरो सीधे सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से समा गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही चालक ने चोपन बस स्टैंड पर गाड़ी रोकी थी। उसने वहां चाय पी और मुंह भी धोया था ताकि नींद और थकान दूर हो सके। लेकिन गाड़ी आगे बढ़ने के कुछ ही दूरी बाद उसे दोबारा झपकी आ गई, जो इस भीषण हादसे का कारण बनी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस भी मुस्तैद दिखी। उपनिरीक्षक अभय यादव अपने हमराहियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहनों की व्यवस्था की और सभी घायलों को इलाज के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन भिजवाया। हादसे में घायल हुए सभी लोग छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रहने वाले हैं। घायलों की सूची इस प्रकार है।रविचंद पाठक 75 वर्ष गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर , गोपट (पत्नी अयोध्या प्रसाद) 54 वर्ष गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर, किरण (पत्नी महेंद्र) 35 वर्ष गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर, स्वाती जायसवाल (पुत्री महेंद्र प्रसाद) 11 वर्ष प्राथमिक उपचार के बाद चोपन में भर्तीसीएचसी चोपन में तैनात चिकित्सक डॉ. नवनीत श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के बाद चारों घायलों का तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। जांच के दौरान तीन मरीजों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और मुंह से अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हो रहा था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला सहित तीन मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, एक अन्य घायल का इलाज चोपन अस्पताल में ही चल रहा है।फिलहाल चोपन थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की विधिक जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू करवा दिया है।
चोपन में भीषण सड़क हादसा ट्रक में घुसी अनियंत्रित बोलेरो, चार लोग घायल; तीन की हालत गंभीर
Related Posts
Add A Comment

