गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के लट्ठूडीह गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रतियोगिता के समापन मैच का शुभारंभ युवा समाजसेवी एवं सरजू राय मेमोरियल पी.जी. कॉलेज, गांधीनगर के प्रबंधक हिमांशु राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए किया।।
इस अवसर पर हिमांशु राय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार हैं। खेलकूद से युवाओं में अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।।
फाइनल मुकाबले को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और रोमांचक मुकाबले का आनंद लिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि हिमांशु राय का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।।
कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।।

