ब्यूरो पुनित त्रिपाठी देवकली (गाजीपुर)। विकास खंड देवकली की ग्राम पंचायत धारी कला में पंचायत निर्वाचन नामावली से 197 लोगों के नाम कथित रूप से काटे जाने के विरोध में रविवार को ग्राम पंचायत भवन पर ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ग्रामीणों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिन 197 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, वे वर्षों से पंचायत चुनावों में मतदान करते आ रहे हैं। इसके बावजूद इस बार जारी मतदाता सूची में उनके नाम नहीं हैं, जिससे वे अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित हो गए हैं।
बैठक में मौजूद कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीएलओ पर कुछ लोगों द्वारा नाम हटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। ग्रामीणों का कहना था कि यदि पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, इस संबंध में बीएलओ ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने सर्वेक्षण एवं सत्यापन का कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया है। बीएलओ के अनुसार, उनके द्वारा सत्यापित सभी सूचियां एवं संबंधित दस्तावेज एडीओ पंचायत कार्यालय में जमा करा दिए गए थे। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। कार्यालय स्तर पर यदि कोई बदलाव या गड़बड़ी हुई है तो इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए निर्वाचन नामावली की जांच कराने तथा कटे हुए मतदाताओं के नाम पुनः शामिल करने की मांग की है। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि धारी कला के इन ग्रामीणों को मतदान का अधिकार वापस मिल पाता है या नहीं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे विकास खंड देवकली का घेराव करने के साथ ही तहसील एवं जिला मुख्यालय पर भी प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे अपनी बात शासन तक पहुंचाने के लिए लखनऊ सचिवालय का भी रुख करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल 197 लोगों का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा का प्रश्न है। क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
मतदाता सूची से 197 नाम कटने पर भड़के ग्रामीण, ग्राम पंचायत भवन पर उमड़ा जनसैलाब
Related Posts
Add A Comment

