(गाजीपुर), 16 जून 2026। भारत में संगठित किसान आंदोलन के जनक स्वामी सहजानंद सरस्वती और महान चिंतक व घुमक्कड़ राहुल सांकृत्यायन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को किसान–मज़दूर नौजवान चेतना यात्रा का शुभारंभ स्वामी सहजानंद के पैतृक गाँव देवा से किया गया। यात्रा में किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के मुद्दों को लेकर विभिन्न गांवों में संवाद स्थापित किया गया।
यात्रा का शुभारंभ देवा स्थित स्वामी सहजानंद स्मारक पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वामी सहजानंद के परिजन अरविंद राय, ग्राम प्रधान दीपक चौरसिया एवं ग्रामीणों ने पदयात्रियों का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा जलालाबाद, सरसेना, छपरा, रायपुर, सरोदा सीरसा, देवखरी भिखमपुर और चिरैयाकोट होते हुए आगे बढ़ी। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पदयात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पदयात्रा के दौरान वीर अब्दुल हमीद की जलालाबाद स्थित प्रतिमा तथा सरसेना में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तपती धूप के बावजूद गाजीपुर, मऊ, बलिया और आजमगढ़ से आए पदयात्रियों का उत्साह देखने लायक रहा।
सभा को संबोधित करते हुए सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव राजीव यादव एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती किसानों को देश की वास्तविक शक्ति मानते थे। उन्होंने कहा था, “जो अन्न-वस्त्र उपजाएगा, अब वह कानून बनाएगा, यह भारत वर्ष उसी का है, अब शासन वही चलाएगा।” वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में किसान, मजदूर और बेरोजगार युवा गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। कृषि और श्रम क्षेत्र से जुड़े कानूनों, भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि किसानों और युवाओं की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा में मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित समाजसेवी एवं सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पाण्डेय, सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव राजीव यादव, मदन सांकृत्यायन, वीरेंद्र यादव, हीरालाल यादव, सत्यम प्रजापति, राजशेखर, अधिवक्ता विनोद यादव, अवधेश यादव, ओबैस असगर, अरविंद मूर्ति, बृजेश यादव, नीरज यादव, नन्दलाल यादव, जयप्रकाश सिंह, दीपक यादव, आदित्य यादव, संतराम यादव, शिवप्रकाश यादव, बृकेश एवं गोविंद यादव सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
यात्रा में सौहार्द एवं बंधुता मंच के संचालक तथा यूनिटी फाउंडेशन के निदेशक हिमांशु मौर्य अपने साथियों के साथ सक्रिय रूप से शामिल हुए। उनके साथ पंकज यादव, शिवानंद यादव, प्रमोद वर्मा एवं प्रदीप मद्धेशिया सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी पदयात्रा में भागीदारी की।

