गाजीपुर। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में आयोजित मसाला निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, डीसी एनआरएलएम विजय यादव, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर, एलडीएम राजदेव कुमार तथा आरसेटी प्रभारी संजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए स्वरोजगार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार न केवल आजीविका सृजन का प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने महिलाओं से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर अपने कौशल को विकसित करने और उसे रोजगार के अवसरों में परिवर्तित करने का आह्वान किया। अन्य वक्ताओं ने भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अतिथिगणों ने आरसेटी में संचालित अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जैसे एसी/रेफ्रिजरेटर मरम्मत एवं महिला परिधान निर्माण प्रशिक्षण का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनकी प्रगति, अनुभव और भविष्य की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की और इसे स्वरोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

