सोनभद्र (ओबरा)।आगामी 21 जून को पूरे देश और दुनिया में मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर ओबरा में योग की बयार बहने लगी है। दिल्ली के परम पूज्य श्रद्धेय महाराज जी के दिव्य निर्देशन में, पूरे भारत में स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ओबरा के चोपन रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में एक भव्य पांच दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर की शुरुआत हो चुकी है। यह शिविर 16 जून से शुरू होकर 20 जून 2026 तक निरंतर संचालित रहेगा। शिविर के पहले दिन सायंकालीन सत्र में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से विशेष रूप से पधारे प्रशिक्षित योग गुरु वीरेंद्र योगी जी ने उपस्थित योग साधकों को योग के गुर सिखाए। उन्होंने महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित अष्टांग योग और आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विशेष प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न आसनों और प्राणायामों का सघन अभ्यास कराया।
योग गुरु ने उपस्थित साधकों को हर आसन के सही तरीके और उससे शरीर को मिलने वाले वैज्ञानिक फायदों के बारे में विस्तार से समझाया। शिविर के दौरान योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए वीरेंद्र योगी जी ने कहा कि आज के तनावपूर्ण दौर में योग किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि योग को केवल शारीरिक व्यायाम न मानकर एक जीवन शैली के रूप में अपनाया जाना चाहिए। शिविर का मुख्य संदेश योग वह माध्यम है जिससे तन, मन और अंतरात्मा पूरी तरह स्वस्थ रहते हैं। ईश्वर (निराकार) के ज्ञान को जब हम योग के नियमित अभ्यास से जोड़ते हैं, तो जीवन की आंतरिक शक्ति (इम्युनिटी और प्राण ऊर्जा) का अद्भुत विकास होता है। सत्र के अंत में मुख्य योग प्रशिक्षक वीरेंद्र योगी जी द्वारा ओबरा संत निरंकारी सत्संग के प्रमुख विनोद सिंह को योग प्रोटोकॉल की मार्गदर्शिका (बुकलेट) सप्रेम भेंट की गई, ताकि स्थानीय स्तर पर योग को अधिक से अधिक लोगों तक सुलभ बनाया जा सके।इस पांच दिवसीय शिविर को सफल बनाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ओबरा संत सत्संग के प्रमुख विनोद सिंह के साथ-साथ वरिष्ठ साधक परमात्मा गुप्ता, लल्लन जी, विजय कुमार, अंकित सिंह, व्यास प्रसाद, आदर्श, अंकित केशरी और आदित्य सहित भारी संख्या में स्थानीय योग साधक भाई-बहन पूरी निष्ठा के साथ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस नि:शुल्क शिविर का लाभ उठाकर अपने जीवन को निरोगी बनाएं।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर ओबरा में पांच दिवसीय योग शिविर का भव्य आगाज, उमड़ी साधकों की भीड़
Related Posts
Add A Comment

